Monday, 27 April 2015

नेपाल भूकंपः 66 बार आए झटके, अब तक 3351 की मौत


नेपाल की मदद के लिए भारत के अलावा अमरीका और कनाडा समेत दुनिया के अन्य देशों ने भी हाथ बढ़ाया है

/काठमांडू। सोमवार को सुबह एक बार फिर भूकंप के झटकों से नेपाल हिल गया। सुबह करीब 6.25 बजे हल्के झटके महसूस किए गए। इससे कोई नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन लोगों में मन एक बार फिर घबराहट बैठ गई। नेपाल में भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 3218 के पार पहुंच गई है, जबकि भारत में 62 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मोदी की अध्यक्षता में रविवार दोपहर बाद एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि नेपाल में भूकंप के बाद वहां बचाव एवं राहत अभियान के संचालन एवं नेपाल सरकार के साथ समन्वय के लिए भारत एक उच्चस्तरीय टीम सोमवार को काठमांडू भेजेगा।
नेपाल में भूकंप प्रभावित क्षेत्र में अब तक राष्ट्रीय आपदा त्वरित कार्यबल के 10 दल जुटे हुए हैं तथा छह टीमों को शीघ्र ही वहां भेजा जाएगा। विदेश सचिव एस. जयशंकर ने बताया कि भारत ने काठमांडू तक राहत सामग्री तथा बचाव दल पहुंचाने के लिए अब तक 13 सैन्य विमान और तीन यात्री विमान लगाए गए हैं। इनमें से पांच काठमांडू पहुंच चुके हैं और बाकी पहुंचने वाले हैं।
राहत सामग्री के तौर पर 10 टन कंबल, 50 टन पानी और 22 टन खाद्य पदार्थ भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल (एनडीआरएफ) की सात टीमें भेजीं थीं। रविवार को तीन टीमें भेजीं गईं हैं और सोमवार को छह टीमें और भेजीं जाएंगीं। वहां लोगों की तलाश एवं बचाव के लिए सेना के छह एमआई-17 हेलीकॉप्टर काठमांडू में हैं। इनके अलावा दो अत्याधुनिक हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) और एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर आरक्षित रखें गए हैं।
इस प्रकार से करीब 1500 लोगों को निकालने की तैयारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक एल एम राठौड़ ने बताया कि नेपाल, पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में अगले तीन दिनों तक बरसात होने एवं तेज हवाओं के साथ बौछार होने की भविष्यवाणी है जिससे भूकंप के कारण बचाव एवं राहत कार्यो में बाधा आ सकती है।
उन्होंने बताया कि नेपाल में राजधानी काठमांडू सहित पूरे देश, सिक्किम तथा पश्चिम बंगाल के उपहिमालयी क्षेत्रों में 27 अप्रेल को तेज और 28 अप्रेल को ज्यादा तेज बरसात होने एवं तेज हवाओं के साथ बौछार होने की संभावना है। इसके अलावा बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट इलाकों में बरसात एवं तेज हवाओं के साथ बौछार होने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में भी रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। एहतियात के तौर पर दिल्ली और कोलकाता में मेट्रो रोक दी गई। नेपाल में भूकंप की तीव्रता 6.9 मापी गई। भूकंप का केन्द्र राजधानी काठमांडू से लगभग 110 किलोमीटर दूर कोडारी में स्थित था।
देश के पूर्वी राज्यों में आए विनाशकारी भूकंप से मरने वालों के परिजनों को कुल मिलाकर छह लाख रूपए की सहायता राशि दी जाएगी। गृह सचिव एल सी गोयल ने बताया कि भूकंप से अब तक देश में 62 लोग मारे गए हैं और 259 घायल हुए हैं । नेपाल की मदद के लिए भारत के अलावा अमरीका और कनाडा समेत दुनिया के अन्य देशों ने भी हाथ बढ़ाया है।
पाकिस्तान ने भी नेपाल में भूकंप पीडितों के लिए राहत सहायता भेजी है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के निर्देश पर दो पाकिस्तानी सी-130 विमान डॉक्टरों की टीम, दवाइयां, टेन्ट, पानी, खाद्य पदार्थ और राहत एवं बचाव दल को लेकर रविवार सुबह काठमांडू के त्रिभुवन अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे पर पाकिस्तान के राजदूत और दूतावास के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
इस बीच नेपाल में बारिश शुरू हो गई है, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में बाधा पहुच रही है। राठौर ने कहा है कि नेपाल में कुछ और दिन तक भूकंप के झटके जारी रहने की आशंका है। नेपाल में भूकंप की चार और इससे अधिक तीव्रता के तीन से अधिक झटके महसूस किए गए हैं। इस तरह के झटके कुछ समय तक जारी रहने की आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहना चाहिए।
माउंट एवरेस्ट में हिमस्खलन के बाद रविवार को 17 पर्वतारोहियों के शव बरामद किए गए। पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार करीब 400 विदेशियों समेत कम से कम एक हजार पर्वतारोही वहां मौजूद थे।
-

No comments:

Post a Comment